Showing posts with label पं. नरेंद्र शर्मा. Show all posts
Showing posts with label पं. नरेंद्र शर्मा. Show all posts

Friday, December 4, 2009

सुन मेरे बंधू रे, सुन मेरे मितवा, सुन मेरे साथी रे


सचिन्द्र देव बर्मन, ये नाम मेरी पिछली पोस्ट पर चमक रहा था. अब भी मेरे मन में घुला घुला सा, गुनगुनाया सा नाच रहा है. कुछ भी लिख दूं, उनके लिये अधूरा सा लगता है.

और तो और, जब उनकी धुनों पर रचे गये गीत जब मैं गुनगुनाता हूं, तो वे खुद मुझमें परकाया प्रवेश से कर जाते है ,और मैं अपने गले से निकलती हुई इठलाती हुई स्वर लहरियां सुन कर,उनकी बंदिशों की मुरकीयों और हरकतों की बारीकी से और रिदम की लयकारी से अभिभूत हो कर, ना जाने किस संसार में पहुंच जाता हूं.फ़िर भी अधूरा पाता हूं अपने आप को. उनकी ये अद्भुत स्वररचना का क्षितिज़ दिखता भर है,पार जाना असंभव है.

आज इतने दिनों बाद मैं आपसे मुखातिब हूं , फ़िर भी सचिन दा की बनाई गयी धुनों के मोह जाल में अभी भी गिरफ़्तार हूं,इसलिये एक और पोस्ट पेशे खिदमत...


सचिन दा फ़िल्मों के चयन को लेकर बेहद चूज़ी थे. वे सिर्फ़ उन्ही के लिये संगीत देते थे जिन्हे संगीत की समझ थी.
गायक के चुनाव करते हुए भी वे उतने ही चूज़ी होते थे. सुना है, जिस दिन उनकी रेकॊर्डिन्ग होती थी, वे सुबह गायक से फोन से बात करते थे और बातचीत के दौरान पता लगा लेते थे कि उस दिन उस गायक या गायिका के स्वर की क्या गुणवत्ता है.एक बार किशोर दा के किसी पुराने नटखट गाने को सुबह कहीं रेडियो पर सुना, और एकदम फ़ोन घुमा दिया- किशोर, आज की रिकोर्डिंग में मुझे छिछोरा पन नहीं चलेगा... किशोर दा सोचते ही रह गये कि जितनी संजीदगी से उन्होने उस दर्द भरे गीत की रिहल्सल की थी, उसमें छिछोरापन कहां से दिख गया दादा को!!

संगीत के कंपोज़िशन के साथ ही वाद्यों के ओर्केस्ट्राइज़ेशन की भी बारीकीयां उन्हे पता थी.एक दिन किसी कारणवश एक की जगह दो वायोलीन वादक रिकॊर्डिन्ग में बजा रहे थे, तो दादा नें कंट्रोल केबिन से साज़ों के हुजूम में से यह बात पकड़ ली.उन्होने कहा, मैं एक ही वायोलीन का इफ़ेक्ट चाहता हूं.

वे इस बात को मानते थे, और अपने बेटे राहुल को भी उन्होने यह बात बडे़ गंभीरता से समझाई थी कि हमेशा कुछ नया सृजन किया करो, ताकि लोगों में यह आतुरता बनी रहे, कि अब क्या. जब तीसरी मंज़िल फ़िल्म के लिये पंचम ने सभी गीत लगभग वेस्टर्न स्टाईल से दिये तो दादा बेहद खुश हुए. वे धोती कुर्ता ज़रूर पहनते थे मगर मन से बडे आधुनिक या मोडर्न थे.


पंचम से वे बेहद प्यार करते थे. एक दिन जब वे कहीं टहल रहे थे तो बच्चों के किसी समूह में से एक ने कहा- देखो, वे आर डी बर्मन के पिताजी जा रहे हैं. वे उस दिन बडे खुश होकर सब को पान खिलाने लगे (वे जब खुश होते थे तो सब को पान खिलाया करते थे)

किसी कारणवश प्यासा के समय उनकी बातचीत लता से बंद हो गयी थी. तो उन्होने आशा से गाने गवाये, मगर बाद में पंचम की वजह से छोटे नवाब की रिकोर्डिंग के समय वह रूठना खत्म हुआ.

सचिन दा से समय तक गीत पहले लिखे जाते थे, बाद में धुन बनाई जाती थी. दादा इतने नैसर्गिक कम्पोज़र थे कि मिनटों में धुन बना लेते थे, और इसीलियी उन्होने यह प्रथा पहली बार डाली कि पहले धुन बनेगी बाद में उसपर बोल बिठाये जायेंगे. साहिर, मजरूह और शैलेंद्र के साथ उनके कई गीत बनें, मगर देव आनंद नें नीरज, हसरत और पं. नरेन्द्र शर्मा से भी कई गीत लिखवाये जो हिन्दी में साहित्यिक वज़न रखते थे. पं. नरेन्द्र शर्मा से तो वे बडे़ खुश रहते थे क्योंकि वे भी मिनटों में कोई भी गीत रच लेते थे, वह भी बहर में, और विषय से बाबस्ता.

प्यासा फ़िल्म में गुरुदत्त नें उनसे एक गीत बिना किसी साज़ के भी बनवाया और रफ़ी से गवाया था. (तंग आ चुके है कश्मकशे जिंदगी से हम- जो बाद में फ़िल्म लाईट हाऊस में एन.दत्ता के निर्देशन में आशा नें भी गाया). साहिर की एक काव्य संग्रह 'परछाईयां' से उन्होने कुछ चुनिंदा रचनायें चुनी और सचिन दा से धुन बनवाई. जैसे जिन्हे -नाज़ है हिन्द पर वो कहां है, जाने वो कैसे लोग थे - फ़िल्म के बाकी गानो में आपको सचिन दा के अंदाज़ के गानें मिले होंगे- सर जो तेरा चकराये, हम आप की आंखों में आदि. मगर आपनें भी सुन ही लिया है, कि दूसरे गीत कितने अलग ढंग से संगीत बद्ध किये दादा नें.

यह फ़िल्म उनके गुरुदत्त और सचिन दा के जोडी़ का एक काव्यात्मक ऊंचाई प्राप्त करने वाला कमाल ही था, जो प्यासा के बाद दादा और साहिर के मनमुटाव के बाद टूट गया. सचिन दा का बोलबाला तब इतना बढ़ गया था कि गुरुदत्त को कागज़ के फ़ूल फ़िल्म के समय दोनों में से जब एक को चुनना पडा़ तो उन्होने दादा को ही चुना.(अबरार अल्वी अब नहीं रहे, उन्होने ये किस्सा कहीं बताया था, तो किसी और मौके पर वह भी सुना देंगे)

उनके गीतों में जो लोकगीतों की महक थी वह उत्तर पूर्व भारत के भटियाली, सारी और धमैल आदि ट्रेडिशन से उपजी थी. उनकी आवाज़ पतली ज़रूर थी मगर दमदार और एक विशिष्ट ठसके वाले लहजे की वजह से पृष्ठभूमि में गाये जाने वाले गीतों के लिये बड़ी सराही गयी.

आज फ़िर इच्छा हो रही है कि उनकी आवाज़ में भी एक गीत गाऊं -

सुन मेरे बंधू रे, सुन मेरे मितवा, सुन मेरे साथी रे...




'बड़ी सूनी सूनी सी है, ज़िन्दगी ये ज़िन्दगी ' इस गीत के रिकॊर्डिंग के दो दिन बाद ही वे हमें छोड़ कर चले गये और गाने के बोल सार्थक कर गये.

Wednesday, February 11, 2009

हीरे मोती जडे़ गहनों जैसे फ़िल्मी गीतों के बोल- NO EXPIRY DATE !! पं. नरेंद्र शर्मा- पुण्यतिथी-

चित्र- साभार सुश्री लावण्याजी

अभी अभी कहीं ये बहस चल रही थी कि फ़िल्मी गीतों में गीतकार का क्या योगदान होता है.
बेशक , हम जो भी गाने आज सुनते है, उनमें से अधिकांश में बोल तो सिर्फ़ सुरों को बांधने के लिये ही है. और तो और, जैसा कि स्वयं लताजी नें अभी अभी किसी इंटरव्यु में क्या सच कहा था - कि आजकल तो गाने रिदम की बेस पर ही बनते है, और सुर तो उस ताल को चाल को बांधने के लिये ही होते है.तो फ़िर शब्दों की तो बिसात ही क्या.तभी तो इन गानों को लंबी आयु नसीब नहीं होती,और इन गानों की ए़क्सपायरी डेट बहुत ही कम होती है.

मगर हम जब फ़िल्मी गीतों का वह गरिमामयी इतिहास देखते हैं तो पाते हैं कि चालीस पचास दशक में गाने में बोल, सुर और ताल ये सभी घटक समान तौर पर महत्वपूर्ण होते थे, जिसमें गीतों के भावपक्ष का , साहित्यिक गहराई, या अदबी वज़्न का गीत के पोप्युलर होने में संपूर्ण योगदान होता था.तभी तो उन दिनों के गाने अभी तक सुने जा रहे हैं और उनकी एक्सपायरी डेट कभी भी खत्म नहीं होती!!!

पंडित नरेंद्र शर्मा उसी कालखंड के गुणी गीतकार थे, जिन्होने विशुद्ध हिंदी शब्दों में अपने हर गीत गूंथे , जो आज तक हमारे जेहन में बाबस्ता है, स्थाई रूप से अंकित हैं.

आपको तो पता ही है, कि पचास के दशक के प्रारंभ में जो भी गानें लिखे जाते थे वे मुख्यतः अदबी उर्दु के लफ़्ज़ों से गढे जाते थे जिसमें भावनाओं और संवेदनाओं को, अहसासात को बखूबी सुरों में पिरोया जाता था, और बनते थे वे कालजयी गीत जिन्हे आज भी आप हम सुन ही रहे हैं. ( साहिर, मजरूह, कैफ़ी आज़मी, शकील आदि)साथ ही में,भोजपुरी , अवधी आदि क्षेत्रिय बोलीयों में भी कहीं कहीं गीत बनाये गये.

मगर मात्र शुद्ध साहित्यिक हिंदी शब्दों पर बनाये हुए गीतों के लिये हम याद करते है शैलेन्द्र, प्रदीप, भरत व्यास ,नीरज और पं. नरेंद्र शर्मा.

सन १९५१ में फ़िल्म अफ़सर में सचिनदा के संगीत निर्देशन में पांच गीत आपने लिखे थे-

नैन दीवाने, इक नहीं माने..
मनमोर हुआ मतवाला..
गुन गुन गुन बोले रे ..
परदेसी रे जाते जाते...
प्रीत का नाता जोड़ने वाले..

याद है वह लताजी का गाया गैर फ़िल्मी गीत- जो समर में हो गये अमर, मैं उनकी याद में..

या विविध भारती के उदघाटन पर मन्ना डे द्वारा गाया गीत, जिसे अनिल विश्वास नें संगीत्बद्ध किया था- नाच रे मयूरा...

फ़िल्म फिर भी का ये गीत जो बेहद प्रसिद्ध हुआ, और मुझे भी गाने के लिये प्रेरणा देता रहा वह है-

क्यूँ प्याला छलकता है :
क्यूँ दीपक जलता है
दोनों के मन में कहीं अनहोनी विकलता है
क्यूँ प्याला छलकता है पत्थर में फूल खिला
दिल को एक ख़्वाब मिला
क्यूँ टूट गए दोनों इसका ना जवाब मिला
दिल नींद से उठ उठ कर
क्यूँ आँखें मलता है.. हैं राख की रेखाएँ लिखती है चिंगारी
हैं कहते मौत जिसे जीने की तैयारी
जीवन फिर भी जीवनजीने को मचलता है॥

मगर पंडितजी के लिखे हुए दो गीतों का खास ज़िक्र करना चाहूंगा, जिसनें उन्हे और इन गीतों को अमर कर दिया है-
वे है ज्योति कलश छलके, और लौ लगाती गीत गाती.

लताजी स्वयं ये बात मन से कबूल करती हैं कि पंडितजी में उन्हे उनके पिता के दर्शन होते थे, तभी तो वे उन्हे पापा कह कर बुलाती थी.

सँगीत : स्व. श्री सुधीर फडके
स्वर: लता मँगेशकर
कविता: स्व.पँ.नरेन्द्र शर्मा
फिल्म: भाभी की चूडियाँ
नायिका: स्व. मीना कुमारी

सुधीर फडके द्वारा कई गीतों को मराठी में स्वरबद्ध किया गया है, मगर हिंदी में उन्होने ये एक अनमोल भेंट दी है .

तो चलें -सुरों की आमराई में बैठ कर मीनाकुमारी के जीवंत और ओस से पावन , कोमल भावाभिव्यक्ति से भरे अभिनय की लता मंगेशकर के अलौकिक , उतनी ही पावन आवाज़ में गाई गई इन संगीत रचनाओं की जुगलबंदी का आनंद आप और हम लें, और यहीं पिघल कर इस स्वर गंगा में एकरूप हो जायें.........

ज्योति कलश छलके ,ज्योति कलश छलके..
हुए गुलाबी , लाल सुनहले,रंग दल बादल के...
ज्योति कलश छलके...

घर आनंद वन उपवन उपवन,
करती ज्योति अमृत के सिंचन,
मंगल घट ढ़लके,२
ज्योति कलश छलके...

अंबर कुंकुम कण बरसाये ,
फ़ूल पखुरिया पर मुसकाये,
बिंदु तुही न जलके,२
ज्योति कलश छलके...

पाट पाट बिरवा हरियाला,
धरती का मुख हुआ उजाला,
सच सपने कल के,२
ज्योति कलश छलके...

उषा नें आंचल फ़ैलाया,
फ़ैली सुख की शीतल छाया,
नीचे आंचल के,२
ज्योति कलश छलके...

ज्योति यशोदा धरती गैय्या ,
नील गगन गोपाल कन्हैय्या ,
श्यामल छबि छलके,२
ज्योति कलश छलके...





दूसरा गीत है -
लौ लगाती गीत गाती,
दीप हूँ मैँ, प्रीत बाती
नयनोँ की कामना,
प्राणोँ की भावना.
पूजा की ज्योति बन कर,
चरणोँ मेँ मुस्कुराती
आशा की पाँखुरी,
श्वासोँ की बाँसुरी ,
थाली ह्र्दय की ले,
नित आरती सजाती
कुमकुम प्रसाद है,
प्रभू धन्यवाद है
हर घर में हर सुहागन,
मँगल रहे मनाती

देखा, छोटी बहर में क्या कमाल के बोल चुन चुन कर बिठायें है, जैसे कि किसी मिनीयेचर पेंटिन्ग में स्वर्ण और चांदी के रंगो से बारिक कलाकारी की गई हो!!


एक छोटी सी पहेली पूछ रहा हूं.

सन १९५७ ने पं. नरेन्द्र शर्मा नें एक नाम सुझाया था जो आज भी बेहद लोकप्रिय है?
Blog Widget by LinkWithin